कासगंज। कासगंज जिला मुख्यालय से एटा जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली फोरलेन सड़क योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। एटा की ओर से शुरू निर्माण कार्य अब शहर की सीमा में आ चुका है। बांकनेर से अब दीनदयालपुरम कॉलोनी तक फोरलेन निर्माण का कार्य चल रहा है। आबादी के मुहाने पर निर्माण कार्य पहुंचने से शहर में अतिक्रमण करने वालों में खलबली है। बांकनेर रेल पुल को भी तोड़कर चौड़ीकरण किया जा रहा है। पुल की मिट्टी काटने का कार्य तेजी से चल रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग में भरतपुर- पीलीभीत मार्ग के शामिल होने पर बंाकनेर से शहर की ओर निर्माण कार्य को रोक दिया गया था। छह माह से कार्य लटका था। हालांकि अब प्रदेश सरकार ने फोरलेन कार्य को हरी झंडी दे दी। ऐसे में निर्माण तेजी से चल रहा है। शहर में मौजूदा सड़क सात मीटर चौड़ी है, लेकिन फोरलेन निर्माण होने पर सड़क की चौड़ाई 17.5 मीटर हो जाएगी। वहीं आधा मीटर का डिवाइडर रहेगा। इसके अलावा शेष हिस्से पर नाला, नाली और पटरी का निर्माण होगा। निर्माण विभाग ने पहले से अतिक्रमण चिह्नित कर दिए हैं। कुल 20 मीटर चौड़ी फोरलेन योजना प्रस्तावित है। हालांकि लोग योजना को 15 मीटर में पूरा करने की मांग कर रहे हैं। निर्माण कार्य अब कासगंज शहर की सीमा में आता देख कर लोगों के बीच खलबली है। निर्माण विभाग ने सर्कुलर रोड पर अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए लाल निशान भी लगाए गए हैं, लेकिन निर्माण के निशानों के अनुसार कहीं भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई है। लोग अपना पक्ष प्रस्तुत करके अपने भवनों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। एक दिन पूर्व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आगमन पर भी लोगों ने अपना ज्ञापन सौंपकर 15 मीटर की सीमा में परियोजना की सड़क बनाने की बात रखी। हालांकि शासन के स्तर से लोगों की मांग पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ है।
फोरलेन सड़क परियोजना में विद्युत विभाग, रेलवे और वन विभाग का रवैया बेहद लचर है। रेलवे ने अंडरपास के प्रस्ताव को लटका रखा है तो विद्युत विभाग पोल शिफ्टिंग के कार्य में लापरवाही बरत रहा है। वन विभाग भी निर्धारित समय में पेड़ों की कटाई नहीं कर पाया है। इससे योजना में बाधा आ रही है।
लोगों की बात-
- फोरलेन सड़क योजना का कार्य लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखकर होना चाहिए। योजना बेहद जरूरी है। समान नीति के आधार पर ही अतिक्रमण हटाए जाएं- ओम प्रकाश दीक्षित, पेंट कारोबारी।
- लोक निर्माण विभाग जिन निर्माण कार्यों को अतिक्रमण बता रहा है, वह गलत है। भवन स्वामियों ने नक्शे पास करके ही भवन बनवाए हैं- निखिल कुमार दुकानदार
- फोरलेन सड़क योजना से दुकानदार, व्यापारी तबाह होंगे। सरकार को कुछ न कुछ रास्ता निकालना चाहिए। जिससे लोगों को दिक्कतें न हों- मनोज गुप्ता, ऑटो पार्ट्स कारोबारी।
- लोक निर्माण विभाग ने पहले से ही लाल निशान लगाए हैं, लेकिन कई जगह निशान लगाने में अंतर किया है। सड़क निर्माण से पहले चिह्निकरण सही किया जाए और समान कार्रवाई हो- शंकर लाल शर्मा।
- फोरलेन सड़क योजना का कार्य तेजी पर है। सोरों कलक्ट्रेट की ओर से शहर की ओर भी कार्य तेजी से शुरू होगा। मार्ग पर पुलियों का निर्माण पहले ही हो चुका है। पेड़ों का कटान और पोल शिफ्टिंग का कार्य सुस्त है। वन विभाग और विद्युत विभाग के अधिकारियों से वार्ता की गई है- सुधीर कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग।