डीपीआरओ और डीपीओ के कार्य से असंतुष्ट दिखे नोडल अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
एटा। बुधवार को नोडल अधिकारी के. रवींद्र नायक ने जिला महिला अस्पताल, रिजोर थाना, ट्रांजिट हॉस्टल, सीवर लाइन, डीपीआरओ कार्यालय, डीपीओ कार्यालय, धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीपीआरओ और डीपीओ कार्यालय में मिली अनियमितताओं को लेकर नाराजगी व्यक्त की। सुबह दस बजे नोडल अधिकारी जिला महिला अस्पताल का पहुंचे। जहां महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी पर नाराजगी व्यक्त की। सीएमओ को एंटी रैबीज की कमी को दूर करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस लाइन के बराबर डाली जा रही सीवर लाइन का निरीक्षण किया। इसके बाद नोडल अधिकारी विकास भवन स्थित डीपीआरओ कार्यालय पहुंचे। जहां कर्मचारियों के कार्य से असंतुष्ट रहे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से देखा। जिनमें शौचालयों में धांधली, बिना शौचालय निर्माण के ही धनराशि निकालने की जांच में शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए फिर से जांच कराए जाने के निर्देश दिए। यह हाल नोडल अधिकारी को डीपीओ कार्यालय में देखने को मिला। जहां अतिकुपोषित बच्चों की स्थिति में सुधार के निर्देश दिए।
478 लाख में बनाया जा रहा है ट्रांजिट हॉस्टल
नोडल अधिकारी ने विकास भवन परिसर के पीछे निर्माणाधीन ट्रांजिट हॉस्टल का भी औचक निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ताराचंद दोहरे ने बताया कि 478.66 लाख रुपये की लागत से दो कमरे वाले 24 आवासों का निर्माण किया जा रहा है, जो मार्च 2019 में पूर्ण हो जाएगा। नायक ने ट्रांजिट हॉस्टल में गुणवत्ता तथा मानकों का ध्यान रखने को कहा।
तत्कालीन एसडीएम कर गए गलत पट्टा
नोडल अधिकारी के. रवींद्र नायक ने 2016 में तत्कालीन एसडीएम द्वारा करोड़ों रुपये की जमीन हिंदुस्तान लीवर के पास पट्टा किए जाने को गंभीरता से लिया है। यह जमीन राजस्व विभाग की थी। इस प्रकरण में दोषियों की जांच के बाद कार्रवाई करने के निर्देश ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम महेंद्र सिंह तंवर को दिए हैं।
रिजोर थाने में देखे अभिलेख
नोडल अधिकारी ने रिजोर थाना का निरीक्षण के दौरान देते हुए कहा कि क्षेत्र के भूमि विवादों को राजस्व एवं पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से भ्रमण कर निस्तारित किया जाए। थाना समाधान दिवस रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, गुंडा एक्ट रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर आदि का देखा। उन्होंने थाना भवन, आवास, बाउंड्री की मरंमत कराने तथा जलभराव को दूर करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये।