गोवर्धन (मथुरा)। परिक्रमा मार्ग में शुक्रवार की दोपहर को पूंछरी का लोठा और जतीपुरा के बीच एक युवक और युवती ने कीटनाशक खा लिया। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। चिकित्सकों के मुताबिक दोनों की हालत अब ठीक है। यह दोनों अलीगढ़ में टप्पल क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
युवती बीएससी तृतीय वर्ष की छात्रा है जबकि युवक बीए पास है। इन दोनों के मुताबिक वह पिछले तीन दिनों से गोवर्धन में हैं। दो परिक्रमा भी लगा चुके हैं। युवक-युवती पिछले करीब तीन साल से एक दूसरे से परिचित हैं। इन दोनों के घर वालों में भी आपसी संबंध हैं। लेकिन परिवार वालों को इन दोनों का मिलना जुलना पसंद नहीं है।
परिवार वालों ने इन पर बंदिशें लगा दी हैं। लिहाजा तीन दिन पहले दोनों ने अपने अपने घर छोड़ दिए थे और गोवर्धन आ गए। दोपहर को परिक्रमा मार्ग में कीटनाशक खा लिया। युवक ब्रजपाल बेहोश होकर गिर पड़ा था तो युवती ने शोर मचा दिया। शोर-शराबा सुनकर लोग रुक गए और दोनों को अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के मुताबिक अब दोनों की हालत ठीक है।
इंस्पेक्टर गोवर्धन विनोद कुमार ने बताया कि लड़के और लड़की के घर वालों को सूचना दे दी गई है। दोनों को उनके घर वालों के सुपुर्द कर दिया जाएगा, क्योंकि दोनों बालिग हैं लिहाजा इन पर कोई अपना फैसला भी थोप नहीं सकता। परिवार वालों से पूरे मामले की जानकारी भी की जाएगी।