एटा। घर बैठकर पुलिस के ट्विटर एकाउंट पर शिकायत दर्ज कराने वाले 2211 लोगों को न्याय मिला है। सोशल मीडिया पर दर्ज हुई शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोगों की समस्या का समाधान किया है। इतना ही नहीं ट्विटर पर दर्ज हुई शिकायत पर पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है।
शासन स्तर से शुरु हुई सोशल मीडिया साइट्स लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। लोग घर बैठकर ही व्हाट्सएप, ट्विटर के माध्यम से शिकायत दर्ज कराकर समस्याओं का समाधान करा रहे है। जिले में शुरू हुए पुलिस के ट्विटर पर 2211 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें सभी शिकायतों का पुलिस ने कार्रवाई करते हुए निस्तारण किया है। वहीं वर्ष 2018 मिली शिकायतों की बात की जाए तो 682 मामले है। जिनमें जून माह में 133 और जुलाई माह में 14 शिकायतों को पुलिस के ट्विटर पर दर्ज कराई गई है। शेष शिकायत जनवरी, फरवरी आदि माह की शामिल है। इसी क्रम में बता दे कि सोशल मीडिया पर दर्ज हुई शिकायत को लेकर पिछले दिनो निधौलीकलां थाने में तैनात एक पुलिस कर्मी के खिलाफ लाइन हाजिर की कार्रवाई भी हुई है। साथ ही थाने के चक्कर काटने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने के बाद ट्विटर पर दर्ज हुई शिकायत को लेकर एक महिला की थाना जैथरा में रिपोर्ट भी दर्ज हुई है। इस तरह से पुलिस के ट्विटर एकांउट से लोगों को समस्या समाधान में लाभ हो रहा है।
वर्जन
ट्विटर एकांउट पर विशेष नजर रखी जा रही है। जन समस्याओं को लेकर पुलिस से त्वरित कार्रवाई कराई जा रही है। इसे और बेहतर करने के लिए प्रयास किए जा रहे है।
अखिलेश चौरसिया, एसएसपी