एटा। गांव को शहर बनाने की कोशिश सरकार कर रही है, मगर सरकार के नुमाइंदे सुनवाई नहीं कर रहे हैं। विकास खंड सकीट का गांव भीषण गंदगी और कीचड़ से पटा पड़ा है। ग्रामीण गांव की सफाई के लिए शासन तक शिकायत कर चुके हैं, मगर अभी तक कोई पहल नहीं हो सकी है।
विकास खंड सकीट के गांव गुमानपुर में जलभराव की समस्या को लेकर ग्रामीण खासे परेशान हैं। चहुंओर गंदगी व कीचड़ से दुखी लोग ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव को कोस रहे हैं। प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक शिकायत भी कर चुके हैं। मगर अभी तक न तो ग्राम प्रधान न सुनी है और न ही पंचायत सचिव ने कोई पहल की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूरा गांव कीचड़ से परेशान हैं। लोगों के घरों के सामने गंदा पानी भरा हुआ है। गंदगी में मच्छर न तो दिन में चैन लेने देते हैं और नहीं रात को सोने देते हैं। गंदगी से त्रस्त ग्रामीणों ने एक बार फिर शिकायत जिलाधिकारी से की है, जिनमें सुभाष सिंह वर्मा, सुरेश चन्द्र वर्मा, बिजेन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, सत्यपाल सिंह, केशव सिंह, प्रभात कुमार, दलवीर सिंह, बृजेश कुमार, नारायण देवी, रामकली देवी, सुखदेवी, राधा देवी, मीरा देवी आदि शामिल हैं।