मैनपुरी। गांव रमईहार निवासी मजदूर का शव बुधवार की रात मैनपुरी-कुरावली मार्ग पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस इसे सड़क हादसा बता रही है, वहीं परिजन हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। कोतवाली क्षेत्र के गांव रमईहार निवासी 45 वर्षीय विषम सिंह मैनपुरी-कुरावली मार्ग स्थित शिव पैलेेस में मजदूरी का कार्य करता था।
पुलिस के अनुसार बुधवार की रात भी वह वहां काम कर रहा था। रात को वह सड़क पार कर रहा था, तभी किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी मिलने के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। वहीं सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। शव कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गुरुवार की सुबह जब लिखापढ़ी शुरू हुई तो परिजनों ने नामजद लोगों पर घर से ले जाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि मौत सड़क हादसे में हुई है तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।