फिरोजाबाद। खुले में शौच मुक्त बनाने के लिए अब व्यक्तिगत शौचालय के लिए आवेदन करने वालों को आधार कार्ड लिंक कराना अनिवार्य होगा। बिना आधार के आवेदन करने वालों के फार्म निरस्त कर दिए जाएंगे। शासन ने शत-प्रतिशत आधार लिंक कराकर आवेदन कराने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र सरकार द्वारा शहर व गांवों को खुले में शौच मुक्त करने के लिए स्वच्छ भारत मिशन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिन घरों में शौचालय नहीं हैं। ऐसे गरीब व्यक्ति जो स्वयं शौचालय का निर्माण नहीं करा सकते हैं, उन घरों में शौचालय निर्माण को सरकार द्वारा दो किश्तों में अनुदान दिया जा रहा है।
व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में गड़बड़ी रोकने के लिए आधार को अनिवार्य किया गया है। इसके बाद नगर निकायों में तैनात अफसर शौचालय के लिए आवेदन करने वालों के आधार लिंक कराने में बड़ी लापरवाही बरत रहे हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत गत दिवस हुई समीक्षा बैठक में आधार लिंक न कराने पर दो लाख से अधिक आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
संयुक्त राज्य मिशन निदेशक मृत्युंजय ने समस्त नगर आयुक्त व अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए आवेदन करने वालों के शत-प्रतिशत आधार लिंक कराते हुए कार्यवाही से राज्य मिशन निदेशालय को रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।