पं. दीनदयाल ने दी देश को एकात्म मानववाद की विचारधारा: अर्जुनराम
पं. दीनदयाल के अंत्योदय के सपने को साकार कर रहे हैं मोदी: रामशंकर कठेरिया
पं. दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय अध्ययन केंद्र का भूमि पूजन व शिलान्यास समारोह संपन्न
अमर उजाला ब्यूरो
वृंदावन (मथुरा)।
संसदीय कार्य, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संवर्द्धन राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने देश को एकात्म मानववाद जैसी प्रगतिशील विचारधारा दी। उन्होंने कहा कि समस्त ब्रह्मांड का कल्याण तभी संभव है जब समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति का भी सर्वांगीण विकास हो।
राज्यमंत्री अर्जुनराम शुक्रवार को केशवधाम में पं. दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय अध्ययन केंद्र का भूमि पूजन व शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के बताए समाज कल्याण व राष्ट्रोत्थान के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।
राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष प्रो. रामश्ंाकर कठेरिया ने कहा कि पहली सरकारों ने गरीबी हटाओ का नारा तो खूब दिया लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को साकार कर गरीब कल्याण की दिशा में कार्यरत हैं।
विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री संगठन दिनेश चंद्र ने कहा कि हमने अपने समाज से कुछ लिया है तो समाज को भी कुछ देने की नैतिक जिम्मेदारी बनती है। सेवा भारती के राष्ट्रीय महामंत्री राकेश जैन ने भी विचार रखे।
जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति व केशवधाम के अध्यक्ष नारायण दास अग्रवाल, निदेशक ललित कुमार, मंत्री सतीशचंद्र अग्रवाल, बलदेव विधायक पूरन प्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष तेजवीर सिंह, नगर निगम महापौर मुकेश आर्य बंधु, प्रमोद चौहान, विनीत शर्मा, अभिनव मिश्रा, प्राण वल्लभ दुबे, वैभव अग्रवाल, महेश, नागेंद्र सिकरावार, पूर्व विधायक अजय कुमार पोहिया, मृदुलकांत शास्त्री, नवीन मित्तल, अनंतवीरदास, संत मोहिनी शरण, संत मुकुंददास, मुरारी अग्रवाल, डॉ. विनोद बनजी, पंडित उदयन शर्मा उपस्थित थे।