फिरोजाबाद। सहकारी संघ चुनाव के तहत मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच में अधिकांश पर्चे सही पाए गए। आठ फरवरी को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकते हैं। हालांकि मटसेना सहाकरी संघ में पुराने सदस्यों के पर्चे वैध ठहराने के मामले में कुछ सदस्यों ने अधिकारियों से आपत्ति जताई।
नामांकन पत्रों की जांच में सहकारी संघ मटसेना पर समिति के पुराने सदस्यों द्वारा दाखिल किए गए नामांकन पत्रों को सही ठहराने पर समिति के अन्य सदस्यों ने आपत्ति जताई। समिति सदस्यों ने इसे नियम विरूद्व बताते हुए चुनाव अधिकारी के पास आपत्ति दर्ज कराई।
13 सदस्यीय समिति के अध्यक्ष भगवान सिंह, कौशल किशोर, वीरेंद्र सिंह, विनोद शर्मा और नरेद्र कुमार ने सचिव पर नामांकन प्रक्रिया में मनमानी करने का आरोप लगाया। इसको लेकर समिति सदस्यों और सचिव के बीच नोंकझोंक हो गई। वहीं एक अन्य सहकारी संघ दौकेली में दाखिल सभी छह पर्चे सही पाए गए। जानकारी के मुताबिक जिले में संचालित 17 सहकारी संघों के 221 सदस्य डेलीगेट्स का चुनाव करेंगे। चुनाव प्रक्रिया के तहत आठ फरवरी तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं।