मैनपुरी। बजाजा बाजार में दुकानदारों तथा हथठेल वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण के चलते मंगलवार को जाम लग गया। लोग एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। आधा किलोमीटर की दूरी तय करने में राहगीरों तथा बाइक चालकों को एक घंटा से अधिक तथा यातायात सुचारु होने में आधा घंटे से अधिक का समय लगा।
संता बसंता चौराहे से घंटाघर के बीच संचालित बजाजा बाजार में कई दुकानदारों ने फुटपाथ को दुकान तथा दुकान को गोदाम बना लिया है। बजाजा बाजार में ही हथठेल वाले भी बिक्री करते हैं। रास्ता संकरा हो जाने के कारण राहगीरों को परेशानी होती है।
दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण तथा हथठेल वालों की संख्या अधिक होने के साथ ही ई रिक्शा भी पहुंचने से मंगलवार की दोपहर 12 बजे जाम लग गया। यादव मार्केट, सुनार गली, ऊन वाली गली, कुम्हार मंडी की ओर से आए बाइक चालक भी जाम में फंस गए।
एक घंटे तक लोग जाम में ही फंसे रहे। आधा किलोमीटर की दूरी तय करने में पैदल ही एक घंटे से अधिक का समय लगा। दोपहर डेढ़ बजे के बाद ही यातायात सुचारु हो सका। दुकानदार संजय भारद्वाज, अनुराग दुबे, चमन जैन, विनोद गुप्ता, इसरार इलाही जौहरी आदि का कहना है बाजार से अतिक्रमण हटवाने के साथ ही हथठेल वालों के एक स्थान पर खड़े होकर बिक्री करने पर रोक लगाई जानी चाहिए।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका धर्मराज सिंह का कहना है कि नगर में अतिक्रमण के खिलाफ शीघ्र ही अभियान चलाया जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला जाएगा।