वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आए श्रद्धालुओं और मंदिर के निजी सुरक्षा गार्ड में विवाद हो गया। मंदिर के गेट नंबर तीन पर हुआ विवाद मारपीट और धक्कामुक्की तक पहुंच गया। झगड़े में श्रद्धालु ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर लहरा दी। इससे मंदिर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बन नजारा देखते रहे। यह वाकया मंदिर के गेट नंबर तीन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। श्रद्धालु ने बेटी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
दिल्ली के शकरपुर के बसंत बिहार निवासी एक महिला रविवार को परिवार के साथ ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के दर्शन करने आई थीं। परिवार के सभी लोग गेट नंबर तीन से मंदिर में दर्शन करने चलेे गए, जबकि उनकी बेटी गेट के पास ही जूते चप्पल की रखवाली पर खड़ी हो गई। इस दौरान गेट के पास तैनात महिला गार्ड से किशोरी का विवाद हो गया। किशोरी का आरोप है कि महिला गार्ड के अलावा पुरुष गार्ड ने उसे धक्का देते हुए वहां से हटा दिया। वहां आए परिवार के लोगों के साथ भी गार्ड ने हाथापाई कर दी।
आरोप है कि 8-10 सुरक्षागार्ड ने मिलकर परिवार को बेरहमी के साथ पीटा, अपने को घिरता देख परिवार के एक सदस्य ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकाली और लहराना शुरू कर दिया। मामला मंदिर प्रबंधन तक पहुंच गया। मौके पर पहुंची पुलिस को दी तहरीर में महिला श्रद्धालु ने आरोप लगाया है कि महिला गार्ड के साथ आए पुरुष गार्ड ने उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ कर मारपीट की है। इधर महिला गार्ड का कहना है कि श्रद्धालु ने चप्पल गेट के बाहर उतारीं इससे अन्य श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी। टोकने पर आरोपियों ने उसे और गार्ड को मारापीटा।
बांकेबिहारी चौकी प्रभारी एसके द्विवेदी ने कहा कि मंदिर में सीसीटीवी कैमरे की मदद ली जा रही है। कौन दोषी है इसकी जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। मंदिर के प्रबंधक मुनीष कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर प्रबंधन भी इस मामले की जांच करा रहा है।