फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। औरैया से चोरी कर बोलेरो पिकअप को थाना पुलिस ने वाहन स्वामी की मदद से बरामद कर ली। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि इनसे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं का भी खुलासा और बरामदी हो सकती है।
औरैया के दिवियापुर निवासी ज्याउद्दीन पुत्र रहीमुद्दीन की बोलेरो पिकअप शनिवार रात चोरी हो गई। रविवार सुबह इसकी जानकारी हुई। उसने पिकअप में लगे ट्रैकिंग सिस्टम से जानकारी प्राप्त की। इस पर पिकअप की लोकेशन शिकोहाबाद के गांव मलिखानपुर में मिली।
इस पर वाहन स्वामी दूसरी कार से थाना शिकोहाबाद पहुंचा और उन्होंने चोरी की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस ने पिकअप की लोकेशन देख गांव मलिखानपुर में छापामार कार्रवाई की। मलिखानपुर निवासी अमर सिंह के मकान के सामने खेत में खड़ी पिकअप दिखाई दी। पुलिस को देख उसमें बैठे दो युवक भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पकड़े गये युवकों ने पुलिस को अपने नाम अवधेश और अंकित कुमार निवासी बड़ेपुरवा विधूना औरैया बताया है। युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। युवकों से चोरी की बड़ी घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।