कोसीकलां (मथुरा)। निकाय चुनाव में कई मतदान केंद्रों में नोकझोंक और कहासुनी भी हुई। बल्देवगंज में पुलिस ने एजेंटों पर लाठियां भांजी, इसके अलावा एमबी इंटर कॉलेज के मतदान स्थल पर फर्जी मतदान की सूचना पर पुलिस ने लाठियां फटकार कर लोगों को दूर भगाया। वहीं, होली गेट पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भी पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। कई केंद्रों पर व्यवस्था को लेकर भी शिकायत मिलीं।
मतदान के दौरान बल्देव गंज पर एजेंटों के मोबाइल रखने पर विवाद हुआ। पुलिस ने वहां आरोपी एजेंटों पर लाठियां भांजी। एमबी इंटर कॉलेज में बनाए गए मतदान स्थल पर फर्जी मतदान किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने वहां पहुंचकर स्थिति को संभाला और लाठियां फटकारकर वहां खड़े लोगों को काफी दूर तक भगाया। नंदगांव रोड स्थित हिंदू इंटर कॉलेज के मतदान स्थल पर मतदाताओं को मतदान नहीं करने देने की सूचना मिली। जिस पर वहां एसडीएम छाता डा. राजेंद्र पेंसिया व सीओ चंद्रधर गौड, इंस्पेक्टर उदयवीर मलिक पहुंचे। जांच में पता चला कि मतदाता सूची में उसका नाम ही नहीं है।
होली गेट पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ी।
उधर, जवाहर पार्क मतदान केंद्र पर सुबह ही एजेंटों ने बिना पर्दा बताकर मतदान कराने की शिकायत की। जिस पर निर्दलीय प्रत्याशी सीमा सेठ एवं पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस बीच मतदाताओं से बैलेट पेपर पर अंगूठा लगवाने की सूचना पर सीमा सेठ के साथ परेश शर्मा, हुकम अग्रवाल भी पहुंच गए और उसकी शिकायत की। पुलिस कर्मियों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। जिसके बाद वहां एसडीएम डा. राजेंद्र पेंसिया पहुंचे।