मथुरा। जयगुरुदेव आश्रम में लगने वाले आध्यात्मिक मेले में भक्तों को नामदान दिया जाएगा और दहेज रहित शादियां होंगी। जयगुरुदेव आश्रम में 26 से 30 तक आध्यात्मिक मेला होगा। मेले में हजारों श्रद्धालु जुटेंगे। मेले में शाकाहार अपनाने के फायदे बताए जाएंगे।
बाबा जयगुरुदेव आश्रम में हुई पत्रकार वार्ता में जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के पंकज बाबा ने कहा कि बाबा जयगुरुदेव के गुरु घूरेलाल की याद में आश्रम में आध्यात्मिक मेला लगाया जाएगा। मेले में हजारों श्रद्धालु जुटेंगे। मेले में रोजाना सुबह सत्संग प्रवचन होंगे तथा दहेज रहित शादियां होंगी और नामदान दिया जाएगा।
पंकज बाबा ने लोगों को शाकाहार अपनाने पर जोर दिया। कहा कि शाकाहार अपनाने से लोगों की मन और बुद्धि निर्मल रहती है और शरीर बीमारियों से मुक्त रहता है और शाकाहारी लोगों पर गुरु की दया जारी रहती है। बताया कि श्रद्धालुओं के लिए मेला परिसर 33 सेक्टरों में बांटा गया है और व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। वार्ता के दौरान आश्रम के प्रबंधक संतराम चौधरी, प्रवक्ता बाबूराम, राजबहादुर सिंह, अनिल, मनुभाई पटेल, विनय कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।