मैनपुरी। सपा सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। योजना के तहत अपात्रों को लाभ मिलने की बात सत्यापन में सच साबित होने पर आवेदन के बाद जांच करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सपा सरकार में समाजवादी पेंशन, लोहिया ग्राम, लोहिया आवास, जनेश्वर मिश्र ग्राम योजना के तहत पात्रों का चयन कर उनको लाभान्वित किया गया था। आवेदन करने वालों को जांच के बाद योजनाओं का लाभ दिया गया था। प्रदेश सरकार ने पूर्व सरकार की योजनाओं के तहत लाभार्थियों का सत्यापन कराने का निर्णय लिया है।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सूची एक बार फिर तैयार की जा रही है। सूची तैयार होने के बाद लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। राजस्व कर्मचारियों के माध्यम से कराई जाने वाली जांच में अपात्रों को लाभ मिलने की बात सच साबित होने पर पूर्व में जांच कर रिपोर्ट लगाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के साथ ही अपात्रों को मिले लाभ से वंचित कर दिया जाएगा। इस संबंध में प्रमुख सचिव शासन ने डीएम को पत्र भेजकर शीघ्र ही लाभार्थियों का सत्यापन कराकर कार्रवाई करने को कहा है।
पूर्ववर्ती सपा सरकार में ही ग्रामीण अपात्रों को योजनाओं का लाभ दिए जाने तथा पात्रों को वंचित किए जाने की शिकायतें करते रहे हैं। राजनीतिक दबाव में अपात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप भी लगे हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें लोहिया आवास और पेंशन के संबंध में हुईं, लेकिन जांच के नाम पर औपचारिकताएं पूरी करने का आरोप है।
सीडीओ विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शासन से मिले निर्देश के तहत ही पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। जांच में दोषी पाए गए कर्मचारियों तथा अपात्रों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।