बलदेव (मथुरा)। बाजार में बिक्री के लिए जा रहा राशन का 50 क्विंटल गेहूं और चावल ग्रामीणों ने अबैरनी चौराहे पर पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस जांच कर रही है। राशन टाटा गाड़ी में लाद कर ले जाया जा रहा था। गांव दौलतपुर का राशन डीलर कोमल सिंह राशन का गेहूं व चावल टाटा गाड़ी में लाद कर ले जा रहा था, इसकी ग्रामीणों को भनक लग गई। ग्रामीणों ने अवैरनी चौराहे पर गाड़ी को रुकवा लिया और पुलिस को फोन कर बुला लिया। गाड़ी में 50 क्विंटल गेहूं और चावल लदा था, जो सरकारी बोरों में भरा था। गाड़ी के चालक से राधाकृष्ण धर्मकांटे पर तोल किए जाने की पर्ची भी बरामद हुई। पर्ची राशन डीलर कोमल सिंह के नाम से कटी थी। पर्ची पर गेहूं और चावल का वजन 50 क्विंटल 10 किलो, समय 12:43 बजे, 30 अक्तूबर लिखा था। पुलिस गाड़ी व माल को अपने साथ बलदेव थाने ले गई। दौलतपुर निवासी रनवीर सिंह ने बलदेव पुलिस को डीलर के खिलाफ राशन की कालाबाजारी करने की तहरीर दी है।