कासगंज। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पटियाली एवं सोरों में आधा दर्जन दुकानों पर छापा मार कार्रवाई की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नादिर अली के नेतृत्व में टीम ने पटियाली में पहुंच कर मिलावटखोरों के खिलाफ छापामार कार्रवाई की। जिसके बाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते कारोबारी अपनी दुकान बंद कर भागते दिखाई दिए। वहीं कार्रवाई के दौरान टीम ने कई दुकानों से नमूने भी भरे।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापेमारी में पटियाली के प्यारे मियां के यहां से दूध, खालिद की दुकान से अरहर की दाल, अरविंद शर्मा की की दुकान से हींग, राहुल भारद्वाज की दुकान से बर्फी का सेंपल भरा। वहीं सोरों में सुशील कुमार की दुकान से चायपत्ती, दिनेश चंद्र की दुकान से बेसन के सेंपल भरे। दोनों स्थानों से बड़ी संख्या में मिठाई कारोबारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों को बंद कर भाग खड़े हुए। इस दौरान सुभाष चंद्र सोनकर, विजय प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जो कारोबारी अपनी दुकान बंद करके चले गए हैं उनको चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे कारोबारियों के खिलाफ भी विभाग कार्रवाई करेगा।
लोगों के स्वास्थ्य से नहीं होने दिया जाएगा खिलवाड़ -डीएम
कासगंज। जिलाधिकारी आरपी सिंह ने कहा कि जनसामान्य के स्वास्थ्य के साथ किसी को खिलवाड़ नही करने दिया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। टीमों के द्वारा लगातार सेंपल भरने की कार्रवाई की जा रही है। सेंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। यदि मिलावट का मामला सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।