कासगंज। पटियाली के ग्राम प्यारमपुर में एक युवक की डेंगू से मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जिले में फैल रही बीमारियों के प्रति स्वास्थ्य विभाग गंभीर नहीं है। विभाग की टीम गांव गांव नहीं जा रहीं।
भारत पुत्र बाबूराम कायमगंज में शुगर मिल में नौकरी करता था। उसे एक पखवाड़े पहले बुखार आया। वह लगातार निजी चिकित्सकों से इलाज करा रहा था, लेकिन बुखार ठीक नहीं हुआ। 11 अक्तूबर को परिजन उसे आगरा ले गए। जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हो गई।
आगरा में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। जिले में इस समय वायरल, मलेरिया का प्रकोप बना हुआ है। डेंगू का अभी तक पहला मामला सामने आया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रंगजी दुबे का कहना है कि गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
अभी जनपद में डेंगू का कोई प्रकोप नहीं है। विभाग के पास बीमारियों का उपचार करने लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं। विभाग की टीमें भी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बीमार लोगों का उपचार कर रही हैं।