संबोधित करते राज्यपाल राम नाइक
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मथुरा। उत्तर प्रदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशुचिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो-अनुसंधान संस्थान के सातवें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि अब बेटियां देश की दशा और दिशा बदलने की ओर तेजी से कदम बढ़ा रही हैं। अपने दम पर ही प्रत्येक क्षेत्र में बेटियां आसमान छू रहीं हैं। उनके फाइटर प्लेन चलाने की चर्चाओं के बीच देश की रक्षामंत्री महिला बन गई हैं।
मंगलवार को दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति राम नाईक ने लड़कियों की शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती भागेदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि पहले टीचिंग और नर्सिंग के क्षेत्र में ही लड़कियां आना चाहती थीं, लेकिन अब प्रत्येक क्षेत्र में लड़कियों की सहभागिता देखने को मिल रही है। इस विवि में 30 प्रतिशत से अधिक छात्राओं का प्रवेश समाज के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने वेटरनेरी के छात्र-छात्राओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने की दिशा में काम करने की अपील की।
समारोह के मुख्य अतिथि आईसीएआर के पूर्व महानिदेशक डा. आरएस परोदा ने छात्रों से कहा कि कृषि कार्य में आधुनिकता लाने की आवश्यकता है। नई पीढ़ी को तकनीक के सहारे ही इस क्षेत्र से जोड़ा जा सकता है। उन्होंने कृषि के साथ पशुपालन पर जोर देते हुए पशुचिकित्सकों की और आवश्यकता जताई।
दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति ने कालेज ऑफ वेटरनेरी साइंस तथा कालेज ऑफ बायोटेक के छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान कीं। आईसीएआर के महानिदेशक डा. त्रिलोचन महापात्रा, पशुपालन राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद भी मौजूद रहे।