मैनपुरी। बैजनाथपुर के पास शुक्रवार की रात अंडर ग्राउंड केबल में हुए फाल्ट से बड़े इलाके की बत्ती गुल रही। दन्नाहार सब स्टेशन से जुड़े करीब 200 गांव के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सब स्टेशन के चार फीडरों की आपूर्ति बाधित हुई। शनिवार की दोपहर तक कर्मचारी फाल्ट तलाश करते रहे मगर फाल्ट नहीं मिला। देर शाम क्षेत्र की आपूर्ति चालू कर दी गई।
दन्नाहार सब स्टेशन के गांव बैजनाथपुर के पास से इटावा रेलवे लाइन गुजरती है। गांव केे बाहर अंडर पास बना हुआ है। अंडर पास की बजह से वहां से बिजली विभाग ने अंडर ग्राउंड केबल डाली है। शुक्रवार की रात लगभग 10 बजे एक बार फिर बैजनाथपुर के पास अंडर ग्राउंड फाल्ट हो गया। सब स्टेशन क्षेत्र की आपूर्ति बंद हो गई।
ग्रामीणों ने पहले तो बिजली बंद होने को इमरजेंसी रोस्टिंग माना बाद में सब स्टेशन पर पता किया। तब कर्मचारियों ने बताया बैजनाथपुर के पास अंडर ग्राउंड फाल्ट होने से आपूर्ति बंद हो गयी है। शनिवार की सुबह से ही कर्मचारी फाल्ट तलाश करने के लिए बैजनाथपुर पहुंच गए। कर्मचारियों की तीन टीमें फाल्ट तलाश करने में जुटी रहीं। दोपहर बाद तक कर्मचारी फाल्ट तलाश नहीं कर सके। जिसके चलते शनिवार को दिन में भी बिजली आपूर्ति बंद रही। सायं चार बजे फाल्ट सही करके आपूर्ति चालू कर दी गयी।
दन्नाहार सब स्टेशन से चार फीडर दन्नाहार, कांकन, कुचेला, नगला जुला जुड़े हैं। इन फीडरों से क्षेत्र के 200 गांव जुड़े हैं। कर्मचारियों की मानें तो अंडर पास में पानी भर जाने से ही फाल्ट होता है।
अधीक्षण अभियंता उमेशचंद्र वर्मा ने बताया कि बैजनाथपुर के पास अंडर ग्राउंड फाल्ट हुआ है। फाल्ट की तलाश करने के लिए कर्मचारियों की टीमें लगाईं गईं हैं। फाल्ट मिलते ही उसको सही कराने के बाद सायं चार बजे आपूर्ति चालू कर दी गई है।