आगरा। डा. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के आवासीय संस्थानाें और संबद्ध कालेजों के कुछ पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए शनिवार को आवेदन की अंतिम तिथि थी।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियाें ने आखिरी दिन फार्म भरा। आखिरी दिन सर्वर की दिक्कत होने से तमाम छात्र आवेदन नहीं कर पाए। संभावना है कि आवेदन की तिथि बढ़ा दी जाएगी।
शनिवार को सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक, फिर दोपहर 12:00 से 03:45 बजे तक सर्वर डाउन रहा। कारण एक साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी वेबसाइट पर आवेदन फार्म भर रहे थे। शुक्रवार शाम से शनिवार शाम तक करीब 600 आवेदन फार्म भरे गए।
शनिवार देर रात तक विद्यार्थी आवेदन फार्म भरने में लगे रहे। विश्वविद्यालय के प्रवेश परीक्षा के समन्वयक डा. संजीव कुमार का कहना है कि कुछ घंटे वेबसाइट पर दिक्कत रही, फिर इसे ठीक करा दिया गया। आवेदन की तिथि बढ़ाने के संबंध में कुलपति स्तर से निर्णय लिया जाएगा। कुछ छात्रों ने आवेदन की तिथि बढ़ाने के संबंध में कुलसचिव केएन सिंह से मुलाकात भी की।