फिरोजाबाद। जिले की कई पंचायतों में सचिव की एक माह से अधिक समय से तैनाती नहीं होने से गांव के विकास कार्य रुक गये हैं। सचिवों के नहीं होने के कारण गांव में न हैंडपंप ठीक हो पा रहे न मनरेगा का काम संचालित हो रहा है। प्रधानों ने मंगलवार को सीडीओ अशोक कुमार से भेंट करके अपनी वेदना सुनाई। सीडीओ ने हल निकालने का भरोसा दिया है।
प्रशासन की ओर से पिछले दिनों पंचायत सचिवों को तैनात करने के साथ कुछ का स्थानांतरण किया गया था। ट्रांसफर एवं पोस्टिंग के कारण कई पंचायत सचिवों ने कार्यभार ही ग्रहण नहीं किया था।
इसके कारण ग्राम पंचायतों के विकास कार्य पूरी तरह से थम गया है। एका ब्लाक की ग्राम पंचायत विलासपुर के प्रधान सत्यप्रकाश एवं प्रानपुर के प्रधान सर्वेश कुमारी के पुत्र ने सीडीओ अशोक कुमार से भेंट की।
प्रधान का कहना था कि मेरी दो पंचायत ही नहीं बल्कि जमालीपुर, घाघऊ नगला पांडे, पारौली, मिलावली, चिढ़रई, झपारा में तो पिछले डेढ़ माह से कोई सचिव की तैनाती नहीं हुई। सदर ब्लाक क्षेत्र में तैनात पंचायत सचिव संतोष कुमार का सीधे मदनपुर ब्लाक ट्रांसफर कर दिया।
बसई मोहम्मदपुर के ग्राम प्रधान तुकमान सिंह वर्मा भी सीडीओ से मिले। सीडीओ को बताया कि गांव में शौचालय के निर्माण का काम पूरी तरह से थम गया। आखिर गांव का विकास कैसे कराएं। विकास भवन सूत्रों की मानें तो पिछले दिनों नारखी से एका के लिए स्थानांतरित किए गए दो पंचायत सचिवों का स्थानांतरण भी प्रभारी डीडीओ सर्वेशचंद्र यादव ने कर दिए। इसके कारण सदर ब्लाक के साथ एका ब्लाक भी प्रभावित हुआ है।
सीडीओ अशोक कुमार का कहना है कि कुछ पंचायतों के प्रधान सचिवों के नहीं होने की शिकायत को लेकर मिले थे। डीपीआरओ एवं डीडीओ के माध्यम से ऐसी पंचायतों की सूची बनवा रहे हैं शीघ्र ही सचिवों की ही तैनाती होगी। ताकि विकास कार्य हो सकें।