फिरोजाबाद। बेटी की शादी के बाद ‘शादी अनुदान योजना’ के तहत 20 हजार रुपये की मदद का इंतजार कर रहे गरीबों को सरकार ने झटका दिया है। शादी अनुदान की वेबसाइट से पिछले साल के सभी आवेदनों को निरस्त कर दिया गया है।
जिले में करीब 450 से अधिक आवेदन निरस्त हुए हैं। पिछले साल बजट की कमी और अफसरों की लापरवाही से इन लाभार्थियों को लाभ नहीं मिल पाया था। इन लाभार्थियों का समय निकल चुका है। ऐसे में अब यह नए सिरे से भी आवेदन नहीं कर सकते हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा गरीब की बेटी की शादी पर मदद के लिए शादी अनुदान योजना संचालित की गई है। इसके तहत 20 हजार रुपये की धनराशि मिलती है। ग्रामीण क्षेत्रों में 46 हजार और शहरी क्षेत्र में 56 हजार रुपये सालाना या इससे कम कमाने वाले परिवार इसके पात्र हैं। शादी से तीन महीने पहले एवं शादी के तीन महीने बाद तक इसके लिए आनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
शासन ने पिछले साल के सभी आवेदनों को निरस्त कर दिया है। जिन लाभार्थियों की बेटी की शादी तीन महीने पहले हुई है। वह इसके लिए नए सिरे से आवेदन कर सकते हैं। जल्द से जल्द लाभ देने की कोशिश रहेगी।
तपस्वी लाल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी
अब वेबसाइट से नाम गायब
अप्रैल तक वित्तीय वर्ष 2016-17 की शादी अनुदान योजना के वंचित लाभार्थियों के नाम वेबसाइट पर दिखाई दे रहे थे लेकिन अब यह गायब हो चुकी है। आवेदक अभी भी समाज कल्याण विभाग में पहुंचकर लाभ मिलने के बारे में जानकारी कर रहे हैं। अफसर भी बजट और तहसील स्तर से समय से जांच न आने की बात कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
नियमों में बदलाव
शादी अनुदान की जांच में भी खूब खेल होता था। ऐसे में इस साल से योगी सरकार ने इसके नियमों में कुछ बदलाव किए हैं। अब तक तहसील स्तर से मनमानी तरीके से फॉर्म की जांच होती थी। अफसर जिस आवेदन को चाहते थे, उसकी रिपोर्ट लगाकर भेज देते थे। अब जो फार्म पहले ऑनलाइन हुआ है। उसी की रिपोर्ट पहले देने होगी।