भोगांव (मैनपुरी)।
सराफा व्यवसायी राजेश वर्मा हत्याकांड के विरोध में परिवारीजनों तथा व्यापारियों का क्रमिक अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस के खिलाफ लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
कस्बे में नौ जून की रात सराफ राजेश वर्मा की दुकान से घर जाते समय अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या करके 60 लाख रुपये के आभूषण तथा रुपये लूट लिए थे। आईजी समेत उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर खुलासे के लिए एसटीएफ समेत आधा दर्जन से अधिक जिलों की टीमों एवं स्पेशल पुलिस को लगाया है। खुलासा न हो पाने पर व्यापारी तथा सराफ के परिवारीजन क्रमिक अनशन पर बैठ गए। तीसरे दिन भी उनका अनशन जारी रहा। परिवारीजनों का कहना है जब तक पुलिस घटना का खुलासा नहीं करेगी तब तक अनशन जारी रहेगा। बुधवार को अनशन पर ओमप्रकाश वर्मा, मनोज दीक्षित, दिलीप गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, राजीव वर्मा आदि मौजूद थे।
छठवें दिन भी बंद रहीं दुकानें
छठवें दिन भी सराफा व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर विरोध जताया। काली पट्टी बंाधकर अनशन स्थल पर पहुंचे। नितिन उमेश वर्मा, शिवशंकर वर्मा, सुरजीत सिंह राजपूत, सुनील वर्मा, राजीव वर्मा, करू वर्मा, पप्पू वर्मा, जखई वर्मा, बीटू वर्मा मौजूद थे।
दो दिन बाद शुरू होगा आंदोलन
व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन उमेश ने बताया खुलासा न होने पर दो दिन बाद प्रदेश व्यापी आंदोलन चलाया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बुधवार को हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की नगर में जोरों पर चर्चा रही। लोगों का कहना है एसटीएफ और पुलिस ने मिलकर घटना की तह तक पहुंच गई है। नगर के दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।