बच्चे के अपहरण के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले जैंत थाना क्षेत्र के के चौमुहां में दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाश एक छह वर्षीय बच्चे का अपहरण कर ले गए। अपहरण सूचना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। अपहरण की खबर मिलते ही जैंत पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। कुछ ही देर में पुलिस को सफलता मिल गई। खुद को पुलिस से घिरते देख बदमाश बच्चे को जंगल में छोड़कर भाग गए।
बच्चू सिंह का छह वर्षीय पुत्र भानु कस्बा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर से पढ़कर घर आ रहा था। वह घर के पास पहुंचा ही था कि हाईवे की तरफ से आए दो बाइक सवार नकाबोश बदमाश उसका मुंह बंद कर उठाकर ले गए। इस दौरान पास खड़े लोग बस तमाशबीन बने रहे। सूचना के बाद जैंत पुलिस भी आरोपियों की निशानदेही की तरफ पीछा करने के लिए दौड़ पड़ी।
जंगल में फेंक दिया बच्चा
बदमाश अपने आप को घिरता देख बच्चे को थाना शेरगढ़ के पैगांव के जंगलों में फेंक कर भाग गए। एसएचओ जैत अजय वर्मा ने बताया बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। फिलहाल बदमाशों की तलाश की जा रही है। मेडिकल कराकर बच्चे को परिजन को सुपुर्द किया जा रहा है।