आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में रहने वाले व्यक्ति के पास साइबर ठग ने बैंक कर्मचारी बनकर कॉल की। पेंशन अपडेट करने के बहाने एपीके फाइल डाउनलोड करवाया और उसमें खाते की जानकारी ले ली। इसके बाद खाते से दो बार में 5.33 लाख रुपये निकल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दयालबाग के अशोका एंक्लेव में रहने वाले राकेश कुमार जैन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि 11 और 12 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताते हुए पेंशन अपडेशन की बात कही। इसके बाद उनके व्हाट्सएप पर पीएनबी पेंशन अपडेशन नाम से एक एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कराया।
फाइल डाउनलोड करने के बाद बैंक खाते की जानकारी और पासवर्ड डलवा लिया। इसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से दो बार में कुल 5,33,600 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल और थाने में शिकायत की। थाना प्रभारी साइबर क्राइम का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध मोबाइल नंबर व बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इन बातों का रखें ध्यान
- किसी भी अनजान कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
- एपीके या लिंक डाउनलोड करने से पहले सत्यापन करें।
- बैंक कभी फोन पर पासवर्ड या ओटीपी नहीं मांगता है।
- संदिग्ध कॉल पर साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर तुरंत शिकायत करें।
-