शहीद के परिवार को मिलेगी पांच बीघा जमीन
अमर उजाला ब्यूरो
मथुरा। जम्मू कश्मीर में स्पेशल आपरेशन के लिए उड़ान भरते वक्त शहीद हुए पंकज नौहवार के परिजनों को पांच बीघा जमीन कृषि के लिए दी जाएगी। इसके लिए तहसील प्रशासन को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।
पंकज नौहवार के पार्थिव शरीर के अंतिम संस्कार के बाद अब जिला प्रशासन राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण की घोषणा पर अमल करने की प्रक्रिया में जुट गया है। इस आशय का आदेश तहसील मांट को मिल गया है, जिसके तहत शहीद पंकज के परिजनों को ग्राम पंचायत जरैलिया में पांच बीघा जमीन का पट्टा दिया जाएगा। इसके लिए राजस्व रिकार्ड में जमीन की तलाश के निर्देश दिए गए हैं। तहसीलदार सुभाष चंद्र ने बताया कि शहीद परिवार को कृषि पट्टा के लिए जमीन तलाशी जा रही है। पहले ग्राम पंचायत फिर आसपास की ग्राम पंचायतों में जमीन का आवंटन होगा। ग्राम पंचायत की भूमि बैंक का रिकार्ड देखा जा रहा है। जमीन की उपलब्धता इस गांव में होगी तो भूमि यहां दी जाएगी वरना किसी दूसरे गांव में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। अफसरों का कहना है कि शासन ने शहीद परिवारों के लिए जो घोषणाएं की हैं सभी को पूरा किया जाएगा।