एटा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 फरवरी यानि मंगलवार को एटा में होंगे। इस दौरान वह मेडिकल कालेज सहित अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं। सीएम के दौरे के चलते प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
लोकसभा चुनाव से ठीक पहले सीएम का जिले में यह दौरा कई मायनों से अहम माना जा रहा है। इस दौरे में सीएम जहां जिले को कई सौगात दे सकते हैं, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी मंत्र भी देने की संभावना है। सीएम के आगमन को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल है। इसी के चलते प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं के कार्यों में तेजी दिखाई जा रही है। सबसे अधिक तेजी किसान सम्मान निधि योजना में दिख रही है। इसकी फीडिंग का कार्य दिन रात चल रहा है। सीएम के कार्यक्रम के लिए जगह भी चिह्नित की जा रही है। अभी तक सैनिक पड़ाव पर ही कार्यक्रम होने की संभावना है।
सुरक्षा का भी तैयार हो रहा खाका
सीएम के दौरे को लेकर पुलिस अधिकारी भी सुरक्षा आदि का खाका तैयार करने में जुट गए हैं। सीएम की सुरक्षा को लेकर अन्य जिलों से भी पुलिस बल मंगाया जाएगा। इसके लिए भी रूपरेखा बनाई जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधीनस्थों को इस संबंध में निर्देश भी जारी किए हैं।
कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण
एटा। जिलाधिकारी आईपी पाण्डेय ने मुख्यमंत्री जी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी आई पी पांडेय ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक स्वपनिल ममगाई व एडीएम वित्त एवं राजस्व केशव कुमार के साथ कार्यक्रम स्थल सैनिक पड़ाव का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने साफ सफाई, पेयजल, विद्युत, बैरीकेटिंग आदि जरूरी व्यवस्थाएं समय सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
जनप्रतिनिधियों से लिए सुझाव
एटा। डीएम आवास पर जनप्रतिनिधियों के साथ भी डीएम ने बैठक की। इसमें सांसद राजवीर सिंह राजू, विधायक सदर डेविड वर्मा, विधायक अलीगंज सतपाल सिंह राठौर, विधायक जलेसर संजीव दिवाकर, विधायक मारहरा वीरेंद्र सिंह लोधी, विधायक कासगंज देवेंद्र सिंह राजपूत, विधायक अमांपुर ममतेश शाक्य, विधायक पटियाली देवेंद्र सिंह, भाजपा के विक्रांत माधौरिया मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर चर्चाएं की गईं। डीएम ने सांसद और विधायकों से कार्यक्रम संबंधी सुझाव लिए।
अधीनस्थों को दिए निर्देश
अधिकारियों के साथ बैठक में डीएम आईपी पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों का निरीक्षण कर समस्त आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर लें। जिससे कि भ्रमण के दौरान कोई अव्यवस्था न हो। डीएम ने सीएमओ, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम, अधिशासी अभियंता विद्युत, एआरटीओ आदि को आपसी सामंजस्य कायम रखते हुए तैयारियों में युद्ध स्तर पर जुट जाने के निर्देश दिए। बताया कि भ्रमण कार्यक्रम के दौरान योजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण आदि भी किया जाएगा। इस दौरान एसएसपी स्वप्निल ममगाई, सीडीओ उग्रसेन पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व केशव कुमार, एएसपी संजय कुमार, सीएमओ डा. अजय अग्रवाल व सभी एसडीएम मौजूद थे।