वृंदावन (मथुरा)। छत्रपति शिवाजी महाराज की 389वीं जयंती की पूर्व संध्या पर ब्रज संस्कृति शोध संस्थान के गोदा विहार स्थित कार्यालय हाल में शिवाजी द्वारा जारी किए गए शिवराई सिक्के को प्रदर्शित किया गया। अतिथियों ने इसके विवरण पत्र का विमोचन करते हुए सिक्के का संपूर्ण परिचय प्रस्तुत किया।
सचिव लक्ष्मी नारायण तिवारी ने बताया कि शिवराई नाम का सिक्का शिवाजी ने अपने राज्यारोहण के समय जारी किया था। तांबे का यह सिक्का संस्थान के दुर्लभ सिक्कों में संरक्षित है। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश व्यापारियों के निवेदन को ठुकरा कर शिवाजी ने होन नामक स्वर्ण मुद्रा और शिवराई नामक ताम्र मुद्रा को संचालित किया।
विवरण पत्र का विमोचन स्वामी वृंदावन आचार्य ने किया। लखनऊ से आए ब्रजगोपाल राय चंचल को संस्थान की ओर से परियोजना निदेशक का दायित्व भी सौंपा गया। इस दौरान मुद्राविद् परमानंद गुप्त, राजेश सेन, शशांक शर्मा, डा. राजेश शर्मा, उदयन शर्मा आदि मौजूद रहे।