कासगंज। गुर्जर आंदोलन के चलते रेलवे का हाई अलर्ट जारी है। मंगलवार को भी बांद्रा ट्रैक की ट्रेनें निरस्त रहीं। प्रस्तावित यात्रा को लेकर यात्री संशय में हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच दूसरे दिन मंगलवार को कुछ ट्रेनें राजस्थान ट्रैक की ओर रवाना की गईं।
आरक्षण की मांग को लेकर राजस्थान में गुर्जर आंदोलन ने हिंसक रूप धारण कर लिया है। गुर्जरों ने मांग के समर्थन में रेलवे ट्रैक बाधित कर दिया है। इसके चलते बांद्रा ट्रैक की ओर दौड़ने वाली ट्रेनों का संचालन रेलवे को बंद करना पड़ा है। मुंबई-बांद्रा के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 22922 अंत्योदय एक्सप्रेस, जो मंगलवार को कासगंज होते हुए बांद्रा जानी थी, ट्रेन निरस्त रही। इसके अलावा ट्रेन संख्या 22443 मुंबई बांद्रा, 19061 बंाद्रा-रामनगर, 22444 बंाद्रा-मुंबई ट्रेन रेलवे ने निरस्त कर दी। ट्रेनें निरस्त होने से यात्रियों की प्रस्तावित यात्रा संशय में पड़ गई है। वहीं राजस्थान की ओर जाने वाली ट्रेनों को कड़ी सुरक्षा के बीच भेजा जा रहा है।
आंकड़े-
- 19 ट्रेनें गुजरतीं हैं कासगंज रेलवे स्टेशन से।
- 1 लाख रुपये प्रतिदिन रेलवे को हो रही है राजस्व हानि।
- 4 ट्रेनें रेलवे ने कर दीं हैं निरस्त।
- 1 ट्रेन इज्जत नगर मंडल की निरस्त।
- 3 ट्रेन लखनऊ मंडल की निरस्त।
वर्जन-
- इज्जतनगर रेल मंडल की एक ट्रेन निरस्त हुई है। रेलवे को राजस्व की हानि हो रही है। गुर्जर आंदोलन के चलते सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने ट्रेन निरस्त करने का निर्णय लिया है।
राजेंद्र सिंह, पीआरओ