मैनपुरी/अजीतगंज। विकासखंड जागीर के गांव तारापुर में गांव के बाहर रखे ट्रांसफार्मर पर एचटी लाइन का तार टूटकर गिर गया। पूरे गांव में एचटी लाइन का हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित होने से कई घरों के उपकरण फुंक गए। घरों की लाइट बंद करने के प्रयास में एक युवक सहित तीन लोग झुलस गए। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विकासखंड जागीर के गांव तारापुर में गांव के बाहर एक ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। ट्रांसफार्मर के ऊपर से एचटी लाइन गुजरती है। शुक्रवार की शाम तीन बजे अचानक एचटी लाइन का तार टूटकर ट्रांसफार्मर पर गिर गया। तार गिरते ही ट्रांसफार्मर से गांव में होने वाली विद्युत आपूर्ति में एचटी लाइन का करंट प्रवाहित हो गया। देखते ही देखते कई घरों में लगे विद्युत उपकरण फुंक गए। उपकरणों में से धुआं निकलने लगा।
लोगों ने आनन फानन में घरों में आ रही विद्युत आपूर्ति रोकने के लिए लाइट बंद की तो गौरव 25 वर्ष, बबली दिवाकर 40 वर्ष, रौनक चौहान 12 वर्ष झुलस गए। गौरव को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रौनक और बबली का उनके परिवारीजनों ने गांव में ही निजी चिकित्सक से उपचार कराया।
ग्रामीणों की सूचना पर गांव पहुंचे जेई ज्ञानेंद्र पुष्कर ने विद्युत आपूर्ति बंद कराई। टूटे एचटी लाइन को हटाने के लिए काम शुरू कराया गया। देर शाम तक गंाव में नियमित रूप से विद्युत आपूर्ति चालू नहीं हो सकी थी। ग्रामीण सत्यवीर सिंह ने बताया कि शाम तीन बजे अचानक लाइट तेज हुई। जब तक कुछ समझ पाते तब तक बिजली के उपकरणों में से धुआं निकलने लगा। उपकरण फुंकने से गांव में लाखों का नुकसान हुआ है।
ग्रामीण अंकित कुमार ने कहा कि ट्रांसफार्मर के ऊपर से गुजरने वाली एचटी लाइन को हटाने के लिए कई बार अधिकारियों से कहा गया। ग्रामीणों की मांग अनसुनी कर दी गई। अगर सुनवाई की जाती तो हादसा टाला जा सकता था।
कौशल किशोर ने बताया कि एचटी लाइन का तार टूटने से गांव में हुई एचटी लाइन के करंट से तीन लोग झुलस गए हैं। बड़ा हादसा भी हो सकता था। एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ितों को मुआवजा मिलना चाहिए।
राजू यादव ने बताया कि गांव के घरों में एचटी लाइन की आपूर्ति हो जाने की जानकारी विद्युत अधिकारियों को दी गई। काफी देर तक कोई अधिकारी गांव में नहीं पहुंचा। जेई गांव में आए और जानकारी लेकर चले गए।
तारापुर में गांव के बाहर रखे ट्रांसफार्मर पर एचटी लाइन का तार टूटकर गिरने की जानकारी मिली है। एसडीओ और जेई को गांव भेजा गया है। ग्रामीणों को हुए नुकसान का आंकलन कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
उमेशचंद्र वर्मा, अधीक्षण अभियंता