मथुरा। बाइक सवार लुटेरों ने हथियार के बल पर शुक्रवार को दिनदहाड़े नहर विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हरिओम गौतम से 50 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। वारदात सदर बाजार के औरंगाबाद के पास राधाकृष्ण धाम की कालोनी के गेट पर हुई।
वारदात को अंजाम देकर लुटेरे टाउनशिप की तरफ भाग गए। रिटायर्ड कर्मचारी सिविल लाइंस पर स्टेट बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई।
थाना सदर बाजार के राधाकृष्ण धाम कालोनी निवासी हरिओम गौतम पुत्र भूदेव प्रसाद नहर विभाग से रिटायर्ड हैं। शुक्रवार की दोपहर सिविल लाइंस स्टेट बैंक से 50 हजार रुपये की नकदी निकालकर रिटायर्ड कर्मचारी टेंपो में सवार होकर घर के लिए लौट रहे थे।
वह कालोनी के गेट पर टेंपो से उतरकर घर के आगे बढ़े तो अपाचे सवार दो लुटेरों ने हथियार के बल पर रिटायर्ड कर्मचारी से बैग लूटा और टाउनशिप की तरफ भाग गए। सूचना पर पहुंची सदर बाजार पुलिस ने पूरी जानकारी जुटाई। पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर बाजार में लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया ने बताया कि लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लुटेरों की तलाश की जा रही है। बैंक और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। इन सीसीटीवी फुटेज में लुटेरों के चेहरे हेलमेट से ढके होने के कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है, पर पुलिस को बाइक नंबर से उम्मीद है कि लुटेरे पकड़े जाएं।