एटा/अवागढ़। सराफ की दुकान से चोर सीढ़ियों के रास्ते से घुसकर ढाई लाख के आभूषण चोरी करके ले गए। जबकि निधौलीकलां क्षेत्र से मकान का ताला तोड़कर चोर डेढ़ लाख रुपये का सामान साफ करके ले गए। इसकी रिपोर्ट पीड़ित ने थाना निधौलीकलां में दर्ज कराई है।
कस्बा अवागढ़ के मोहल्ला भिस्तियान निवासी रोहित कुमार वर्मा पुत्र राकेश कुमार की कस्बा के मैन बाजार में सराफ की दुकान है। उसी दुकान में लगा सीढ़ियों का दरवाजा रात को चोरों ने तोड़ दिया। इसके बाद चोर दुकान के अंदर से सोने चांदी के ढाई लाख रुपये कीमत के आभूषण चोरी करके ले गए। इसकी जानकारी व्यापारी को सुबह को दुकान पर पहुंचने के बाद हुई। इस पर पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना अवागढ़ में तहरीर दी है। दूसरी तरफ कासगंज के धनतोरिया निवासी रामवती पत्नी कप्तान सिंह ने थाना निधौलीकलां में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उसके मकान में लगा ताला 22 नवबंर को महावीर पुत्र कुंदन सिंह निवासी भटियार निधौलीकलां सहित छह लोगों ने तोड़ दिया था। इसके बाद आरोपी उसके घर से डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी करके ले गए थे। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। जांच कर कार्रवाई कराई जा रही है।