एटा। कोर्ट में मामलों की सुनवाई समय पर होने और अपराधियों को कड़ी सजा दिलाए जाने को लेकर एसएसपी ने कोर्ट निगरानी सेल का गठन किया है। जिसमें कोर्ट से जारी होने वाले वारंट, समन, गवाह की सूची फीड कराई जाएगी। जिसके बाद अधिकारी उसे आनलाइन देख कर पुलिस को कोर्ट मामले में होने वाली कार्रवाई के लिए आदेशित करेंगे।
कोर्ट से जारी होने वाले समन और वारंट पर प्रभावी कार्रवाई न होने को लेकर अपराधियों को लाभ मिलता रहता है। इस पर अंकुश लगाने को लेकर एसएसपी आशीष तिवारी ने नई पहल शुरू की है। उन्होंने कोर्ट कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए कोर्ट निगरानी सिस्टम सेल का गठन किया है। जिसमें उन्होंने कोर्ट से जारी होने वाले समन, वारंट एवं गवाहों की सूची तैयार कराने के लिए साफ्टवेयर तैयार कराया है। साफ्टवेयर पर काम कर रहे पुलिसकर्मी अमित कुमार ने बताया कि भविष्य में अधिकारियों के साथ ही थाना पुलिस भी कोर्ट से होने वाले आदेश को ऑनलाइन देख सकेगे और उस पर प्रभावी कार्रवाई होगी। वही बता दे कि पहले सम्मन,वारंट और गवाह पेश होने की कार्रवाई कागजों पर ही लिखापढ़ी में होती थी। जिसे लेकर अधिकांश सम्मन और वांरट पर थाना पुलिस कोई गौर नहीं करती थी। जिसे लेकर कोर्ट से आरोपियों को सजा नहीं मिल पाती है। इसी पुलिस की मनमानी पर अंकुश लगाने और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए एसएसपी ने कोर्ट मानीटरिंग सिस्टम की शुरुआत की है।