भोगांव(मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शौच के लिए गई बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। बालिका का शव निर्वस्त्र हालत में बाग में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। फोरेंसिक टीम के साथ ही डॉग स्क्वॉड ने जांच की।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा पांच की 13 वर्षीय छात्रा शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर के पास बाग में शौच के लिए गई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद जब वह घर वापस नहीं पहुंची तो परिजन तलाश में जुट गए। छात्रा जिस ओर शौच के लिए गई थी उस ओर परिजनों ने भाई को भेजा। खोजबीन में जुटे परिजनों को बालिका का शव निर्वस्त्र अवस्था में बाग में पड़ा मिला। बालिका की चुन्नी उसके गले में बंधी हुई थी। इससे संभावना जताई गई कि हत्या चुन्नी से गला घोंटकर की गई है।
जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस के साथ ही एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ प्रयांक जैन, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने गांव निवासी तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं चर्चा है कि एक युवक घटना के बाद से गायब है। पुलिस का शक उस पर भी है।
दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी