मथुरा। नवीन शैक्षणिक सत्र शुरू हुए कई माह बीत चुके हैं, लेकिन जनपद के सामान्य वर्ग के 15 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं को पिछले साल की भी स्कॉलरशिप अब तक नहीं मिली है। छात्र-छात्राएं इसके लिए डीएम से लेकर समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के चक्कर चला रहे हैं।
शैक्षिक सत्र 2017-18 के दौरान जनपद में 55 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने दशमोत्तर योजना के तहत स्कॉलरशिप और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए आवेदन किया था। इसमें से अब तक 50 प्रतिशत छात्रों को भी स्कॉलरशिप नहीं मिल सकी है। इसमें सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं की संख्या 15 हजार से ज्यादा बताई गई है।
एक साल से स्कॉलरशिप और शुल्क प्रतिपूर्ति का इंतजार कर रहे सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राएं आए दिन डीएम कार्यालय और समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय पर इस शिकायत को लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें लखनऊ से धनराशि जारी न होने की बात कहकर वापस किया जा रहा है। शनिवार को पीएमवी पॉलीटेक्निक कालेज में तो इस समस्या से तंग आए छात्रों ने हंगामा खड़ा कर दिया।