मैनपुरी। कक्षा नौ व 11 में अब माध्यमिक शिक्षा परिषद से पंजीकरण कराना आसान नहीं होगा। कॉलेज संचालकों की मनमानी नहीं चल सकेगी। छात्र-छात्राओं के डाटा के साथ ही शिक्षकों का डाटा भी अपलोड करना होगा। विभाग ने 25 अगस्त तक फीस जमाकर ऑनलाइन पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद माध्यमिक वित्तविहीन स्कूलों के सुधार के लिए एक के बाद एक नए आदेश जारी कर रहा है। विद्यालयों का ऑनलाइन डाटा फीड कराने के बाद अब विभाग ने कक्षा नौ और 11 के पंजीकरण के लिए नए नियम लागू कर दिया है। ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान छात्र-छात्राओं का डाटा तभी अपलोड होगा जब उसके साथ उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षकों का डाटा भी आधार सहित अपलोड किया जाए। विभाग ने पहलीबार पंजीकरण और फीस जमा करने दोंनों के लिए 25 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की है। ऐसे में शिक्षकों का डाटा अपलोड कराने में कालेज संचालकों को दिक्कतों का सामना उठाना पड़ रहा है।
मैनपुरी। परिषद द्वारा छात्रों के साथ ही शिक्षकों का डाटा मांगने से कालेजों से अप्रशिक्षित शिक्षकों की छुट्टी हो जाएगी। विभाग को भी जानकारी हो जाएगी कि किस कॉलेज में किस प्रकार के शिक्षक कार्य कर रहे हैं। अब बीच सत्र में प्रशिक्षित शिक्षकों की व्यवस्था कॉलेज संचालकों के लिए परेशानी बनी हुई है। जो भी विभाग से निर्देश मिले हैं। सभी कॉलेज उनका पालन करते हुए 25 अगस्त तक कक्षा नौ और 11 के पंजीकरण ऑनलाइन अपलोड कर दें। यदि किसी भी छात्र का पंजीकरण होने से छूट गया तो संबंधित कॉलेजों के संचालक प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।