एटा। पैदल जा रही अधिवक्ता की पत्नी के गले से बाइक सवार बदमाश जंजीर तोड़कर ले गए। इसकी रिपोर्ट महिला के पति ने कोतवाली नगर में दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस जांच कर बदमाश का पता लगा रही है।
पिछले दिनों की भांति फिर से शहर में महिलाओं के साथ जंजीर तोड़ने की घटना शुरु हो गई है। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला शांति नगर निवासी अधिवक्ता प्रदीप भारद्वाज की पत्नी रेनू भारद्वाज शाम को घर से पैदल अरुणा नगर के समीप से गुजर रही थी। उसी समय पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारते हुए महिला के गले में पड़ी दो जंजीर तोड़ ली।
महिला जब तक कुछ समझ पाती उससे पहले ही बाइक सवार बदमाश बाइक से फर्राटा लगाते हुए मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी महिला ने घर पर अपने पति सहित अन्य परिजनों को दी। इस पर अधिवक्ता पति ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली नगर में अज्ञात बदमाश के खिलाफ दर्ज कराई है। कोतवाली नगर प्रभारी ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। जांच कर जंजीर तोड़ने वाले बदमाश का पता लगाया जा रहा है।