मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला शुरू हो चुका है। भक्त परिक्रमा को पहुंच रहे हैं, लेकिन मेला की व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाले अफसर गोवर्धन नहीं पहुंचे हैं। अभी भी अनेक अफसरों की कोशिश मेला ड्यूटी से खुद को अलग कराने की है। मेला के पहले दिन 14 मजिस्ट्रेट की अनुपस्थिति सामने आई है।
रविवार से मेला की शुरूआत हो गई। बरसात होने के कारण गिरिराज जी के भक्तों के कदम भी गोवर्धन की ओर चल पड़े हैं। लोग परिक्रमा के लिए गोवर्धन पहुंच रहे हैं। हालांकि पहले दिन भीड़ का दबाव ज्यादा नहीं है। तय मेला कार्यक्रम के अफसरों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां भी संभाल ली हैं,
लेकिन इसमें कुछ ऐसे भी अफसर हैं, जो रविवार को मेला ड्यूटी पर ही नहीं पहुंचे। पहले दिन 14 सेक्टर मजिस्ट्रेट मेला ड्यूटी से अनुपस्थित रहे हैं। इसकी रिपोर्ट एडीएम वित्त रवींद्र कुमार ने डीएम सर्वज्ञराम मिश्र को दे दी है।
इसमें डिप्टी कलेक्टर, कई विभागाध्यक्ष और विभिन्न विभागों के अभियंता शामिल हैं। एडीएम ने इनका वेतन रोकने की संस्तुति के साथ संबंधित अफसरों को निर्देशित किया है कि ड्यूटी पर पहुंचे और छोड़ने की सूचना मेला नियंत्रण कक्ष को अवश्य दें।