सोरों के बदनपुर के निकट एक मुलजिम पुलिस कर्मी व होमगार्ड को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने मुलजिम की काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। एसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है जबकि होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति कमांडेंट से की गई है।
मनोज पुत्र दयराम निवासी नरदौली गंजडुडवारा एक नाबालिग बालिका को भगा ले जाने के मामले का मुलजिम था। गंजडुडवारा पुलिस ने उसे बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को थाने का सिपाही राजबहादुर व होमगार्ड ब्रह्मानंद उसे न्यायालय में पेश करने के लिए लाए। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। जब सिपाही व होमगार्ड उसे पचलाना स्थिति जिला जेल बाइक से लेकर जा रहे थे तभी उसने बदनपुर के निकट बाथरूम जाने के लिए कहा। सिपाही व होमगार्ड ने बाइक रोककर उसे अनुमति दे दी। इसी बीच वह चकमा देकर फरार हो गया। मुलजिम के फरार हो जाने की जानकारी थाना पुलिस को दी गई। मामला अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। सोरों व कासगंज पुलिस को मुलजिम की तलाश के निर्देश दिए गए। गंजडुंडवारा पुलिस भी मुलजिम की तलाश में जुट गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। एसपी शिवहरि मीना ने सिपाही राजबहादुर को निलंबित कर दिया, जबकि होमगार्ड ब्रहमानंद के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट होमगार्ड कमांडेट को भेज दी।