मैनपुरी-बरनाहल। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अढूपुर का मजरा बरहिया विकास से वंचित है। ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव के प्रति लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने विकास कराने के लिए एडीएम को ज्ञापन दिया है। मंगलवार को बरहिया के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने एडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कहा है गांव में सफाईकर्मी नहीं आ रहा है। गांव के खडंजे पूरी तरह से टूट चुके हैं। पानी की निकासी के लिए भी कोई इंतजाम नही है। घरों का गंदा पानी गलियों मे भरा रहता है। गांव में सफाईकर्मी कभी भी सफाई करने नहीं आता है।
गलियों में पानी भरे रहने से गांव में संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। गांव के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। कई भूमिहीन परिवार को मकान की सुविधा नहीं मिली है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव सरकारी धनराशि का बंदरबांट कर लेते हैं। एडीएम ने जांच कराने के बाद कार्रवाई कराने का भरोसा दिया है। रामशरन सिंह, वीरेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, प्रमोद कुमार, कमलेश, विनोद कुमार मौजूद रहे।