एटा। देश को टीबी मुक्त बनानेे के लिए रोगियों को खोजने का अभियान जिले में परवान चढ़ रहा है। अभियान के तहत लगाई गई टीमों ने अब तक 34 रोगियों की तलाश कर ली है। इन रोगियों को तुरंत उपचार मुहैया कराने के साथ-साथ आनलाइन ट्रैकिंग की जा रही है।
जिले में पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 24 फरवरी से 10 मार्च तक सक्रिय टीबी रोगी खोज अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिला क्षय रोग विभाग ने 80 टीमें लगाई हैं। शासन ने जिले को दो लाख की जनसंख्या का घर-घर जाकर सर्वे करने का लक्ष्य दिया था। इसमें अब तक 75 हजार लक्ष्य पूरा हो चुका है।
इसके साथ ही 34 टीबी रोगी सामने आ चुके हैं। इसे लेकर विभाग की टीमें टीबी रोगियों को तुरंत उपचार मुहैया कराते हुए देखरेख के साथ नजर बनाए हैं। जिला पीपीएम समन्वयक आशीष पाराशरी कहते हैं टीबी रोगी खोज अभियान तेजी से चल रहा है। रोगियों का लगातार चिन्हांकन किया जा रहा है। 10 मार्च तक अभियान चलता रहेगा।
---------------
सर्वे टीमों पर भी नजर
विभाग ने अभियान में लगी टीमों पर भी नजर रखी है। 80 टीमों के सापेक्ष प्रति पांच टीमों पर एक-एक सुपरवाइजर बनाया गया है। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप से भी टीमों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अभियान में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।