मैनपुरी। नगर के क्रिश्चियन इंटर कालेज के शिक्षक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। यहां शिक्षकों की तो बात छोड़ो प्रधानाचार्य भी कालेज से गायब मिलते हैं। कालेज में निरीक्षण करने पहुंचे प्रभारी एडीआईओएस को प्रधानाचार्य पीएफ केवल सहित 14 शिक्षक व कर्मचारी अनुपस्थित मिले। प्रभारी एडीआईओएस की रिपोर्ट पर डीआईओएस जीएस राजपूत ने सभी का अनुपस्थित दिन का वेतन काटते हुए प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा है।
प्रभारी एडीआईओएस रघुराज सिंह पाल शनिवार को दोपहर 12:18 बजे क्रिश्चियन इंटर कालेज पहुंचे। यहां निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्या पीएफ केवल, प्रवक्ता अमरेश सिंह चौहान, सहायक अध्यापक रमेश चौहान, केके मिश्रा, अनिल बी लाल, केके सिंह, असित कुमार, लिपिक अमित मसीह, अतुल लारेंस व नवल किशोर, विश्वनाथ सिंह, कृष्ण पाल, उपदेश कुमार अनुपस्थित मिले। प्रभारी एडीआईओएस की रिपोर्ट पर डीआईओएस जीएस राजपूत ने प्रधानाचार्य का अग्रिम आदेशों तक तथा अन्य शिक्षकों तथा कर्मचारियों का अनुपस्थित दिनों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानाचार्य, शिक्षकों व कर्मचारियों से तीन दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा।
तीन शिक्षकों ने तो सात जनवरी तक के कर दिए हस्ताक्षर
मैनपुरी। क्रिश्चियन इंटर कालेज में शिक्षकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। सहायक अध्यापक राजेश कुमार, सर्वेश कुमार व अनंत अब्राहिम ने छह जनवरी को ही सात जनवरी के भी हस्ताक्षर कर दिए। जबकि सात जनवरी का रविवार है। यह भी उन्हें ख्याल नहीं आया। इसके अतिरिक्त शिक्षक योगेंद्र सिंह शनिवार को कालेज में मौजूद थे लेकिन उन्होंने 12:30 बजे तक हस्ताक्षर नहीं किए थे। योगेंद्र कुमार को डीआईओएस ने चेतावनी दी है। जबकि एडवांस उपस्थिति लगाने वाले शिक्षकों का भी वेतन रोक स्पष्टीकरण मांगा है।
डीएम की बैठक में भी नहीं पहुंचे थे प्रधानाचार्य
क्रिश्चियन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य पीएफ केवल अधिकतर कालेज से अनुपस्थित ही रहते हैं। 26 दिसंबर 2017 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होने वाली केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में भी प्रधानाचार्य पीएफ केवल अनुपस्थित रहे थे। इस दौरान भी इनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था।