पंचायत सचिवों को पत्र लिखकर ग्राम पंचायत प्रशासन सुदृढ़ बनाने के निर्देश
- फोटो : अमर उजाला
एटा। अब पंचायत सचिवों को अच्छे काम पर इनाम मिलेगा तो गलत काम पर दंडित किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं को पूरा करने में पिछड़ने पर पंचायती राज निदेशक ने ग्राम पंचायत सचिवों को पत्र लिखकर ग्राम पंचायत प्रशासन को सुदृढ़ बनाने के लिए कहा है। पंचायत सचिवों के नाम लिखे पत्र में निदेशक ने हर योजना का जिक्र करते हुए निर्धारित समयावधि में उसे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि पंचायत सचिव यदि अच्छा कार्य करेंगे तो उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
जिले में कार्यरत 103 पंचायत सचिवों में अधिकांश मनमानी पर उतारू हैं। कई पंचायतों में पंचायत सचिव की मनमानी के चलते ग्राम विकास योजना अधर में लटकी है। तमाम ग्राम पंचायत सचिवों की शिकायतें शासन तक पहुंची हैं। ऐसे में पंचायत सचिवों को कर्तव्य बोध कराते हुए पंचायती राज निदेशक ने पत्र लिखा है।
इसमें उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के अभिलेखों को पूरा रखने के साथ ही समय पर प्रियासॉफ्ट और एक्शन सॉफ्ट की फीडिंग कराई जाए। साथ ही कहा यदि दिसंबर में काम पूरा नहीं होता है, तो पंचायत सचिव को लखनऊ बुलाकर काम कराया जाएगा। इसके साथ ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। होगी।
उन्होंने ग्राम पंचायत की कच्ची पक्की गलियों की जियो टैगिंग के साथ अपडेशन कराने, 31 दिसंबर तक सभी हैंडपंपों को रीबोर कराने, 31 दिसंबर तक स्कूल और आंगनबाड़ी का काम पूरा कराने, ग्राम पंचायतों में वॉल पेंटिंग, परिवार रजिस्टर का डिजिटाइजेशन और खुले में शौच मुक्त करने में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
स्पष्ट कहा गया है यदि पंचायत सचिव काम में लापरवाही बरतेंगे तो उनके खिलाफ सतर्कता जांच कराई जाएगी। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया पंचायत सचिवों को पत्र उपलब्ध कराते हुए निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।