न्यायालय के आदेशों का समय से अनुपालन न करना ढोलना के थाना प्रभारी उमेश पचौरी को भारी पड़ गया है। एसीजेएम शिव कुमार के न्यायालय ने थाना ढोलना प्रभारी को न केवल न्यायालय में तलब किया है बल्कि उनके विरुद्ध न्यायालय में प्रकीर्ण वाद दर्ज करने के निर्देश भी दिए हैं।
जानकारी के अनुसार मारपीट और हरिजन एक्ट की धाराओं में राज्य बनाम नेम सिंह लोधी का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। एसीजेएम ने ढोलना पुलिस को आरोपी नेम सिंह पुत्र नाथूराम लोधी को न्यायालय में हाजिर करने के निर्देश दिए, लेकिन नेम सिंह को प्रस्तुत नहीं किया गया और वारंट भी तामील नहीं हुए। ऐसी स्थिति देखते हुए एसीजेएम ने थाना प्रभारी को 3 जनवरी को न्यायालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने व्यक्तिगत उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया है। न्यायालय में उनके खिलाफ प्रकीर्ण वाद भी चलाया जाएगी।