मथुरा। निकाय चुनाव का शोर शुक्रवार को थम जाएगा। प्रचार के अंतिम दिन सभी निकाय प्रत्याशी पूरी ताकत झोंक देंगे। इसके लिए रैली और वाहन रैली भी निकाली जाएंगी। प्रचार की प्रक्रिया पिछले 12 दिन से चल रही है।
जनपद के नगर निगम सहित एक नगरपालिका और 13 नगर पंचायतों में 26 नवंबर को मतदान होगा। मतदान से 48 घंटे पहले 24 नवंबर को शाम पांच बजे प्रचार थमेगा। प्रचार थमने से पहले 12 दिनों तक मेयर उम्मीदवार हो या फिर चेयरमैन का उम्मीदवार। वार्डों सभासद और पार्षद के उम्मीदवारों ने अपने वार्ड और शहर में पूरी ताकत झोंक दी है।
हर घर पर दस्तक देकर वार्ड उम्मीदवारों ने वोटों की झोली फैलाई तो मोहल्ले और गांव-गांव में जाकर मेयर और चेयरमैन उम्मीदवारों ने वोट मांगे। प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को यह सभी उम्मीदवार अपने वार्डों और शहर में पूरी ताकत झाेंकेंगे। अपनी शक्ति का प्रदर्शन रैली आदि के माध्यम से भी करेंगे। शुक्रवार को सुबह से ही शक्ति प्रदर्शन का सिलसिला शुरू हो जाएगा। सभी प्रत्याशी रोडशो के माध्यम से अपनी ताकत दिखाएंगे।
पुलिस रहे अलर्ट, न लगे जाम: एसएसपी
मथुरा। प्रचार के अंतिम दिन सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने सभी थानों के प्रभारियों को निर्देशित किया है कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे। जाम के हालत कतई भी न बने।