मथुरा। गुजरात विधानसभा चुनावों में बूथों का व्यूह रचने के लिए यूपी से भाजपा के 100 योद्धा जाएंगे। परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह पहुंच चुके हैं। जबकि प्रदेश सरकार के 12 मंत्रियों की फौज निकाय चुनाव के बाद गुजरात चुनाव की कमान संभालेगी। मथुरा जिले से ही 10 नेताओं को भेजा जाना है।
भाजपा ने इस समय पूरी ताकत गुजरात चुनाव पर लगा दी है। हर विधानसभा में माहौल बनाने के लिए भाजपा के नेता और मंत्री भेज दिए गए हैं। उत्तरप्रदेश से परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव को गुजरात भेज दिया गया है। स्वतंत्रदेव कच्छ जिले की कमान संभाले हैं। जबकि ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह को गुजरात में गांधीनगर, महानगर, अरबल्ली और साबरकांठा की कमान सौंपी गई है। स्वतंत्रदेव सिंह ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि यूपी से संगठन के कई लोग गुजरात भेजे गए हैं। वह लोग बूथ का मैनेजमेंट संभाल रहे हैं। बताया जाता है कि उत्तरप्रदेश में निकाय चुनाव होने के बाद करीब 12 मंत्रियों को भेजा जाएगा।
हेमामालिनी और श्रीकांत शर्मा भी जाएंगे गुजरात
फिल्म अभिनेत्री और सांसद हेमामालिनी और प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा भी निकाय चुनाव के बाद गुजरात जाएंगे। गुजरात की विधानसभाओं में इनकी सभाएं कराई जाएंगी। संगठन ने गुजरात जाने वाले नेताओं की जो सूची बनाई है उसमें इन दोनों के नाम हैं। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बताया कि निकाय चुनाव के बाद सभी मंत्री गुजरात जाएंगे। इनमें ब्रज क्षेत्र के भी कई लोग हैं।
गुजरात वालों की आस्था का केंद्र है मथुरा
भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा गुजरात वालों की आस्था का केंद्र है। हर साल करीब पांच लाख लोग मथुरा आते हैं। यमुना में सबसे ज्यादा चुनरी मनोरथ गुजरात वालों द्वारा की जाती हैं। एक दिन में पांच-पांच मनोरथ होते हैं। इसलिए केंद्र सरकार भी मथुरा के अधिक से अधिक नेताओं को गुजरात चुनाव में लगाने की तैयारी कर रही है।