फिरोजाबाद। जिले के सात निकायों में दूसरे दिन नामांकन पत्र दाखिल करने कोई नहीं पहुंचा। रविवार होने के कारण अधिकांश नामांकन काउंटर खाली पड़े रहे। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी उदय सिंह ने कलक्ट्रेट में काउंटरों का निरीक्षण किया। फिरोजाबाद निगम के मेयर पद का कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ, जबकि पार्षद के 187 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
जिला मुख्यालय स्थित एडीएम न्यायालय कक्ष में मेयर पद के आरओ एडीएम उदय सिंह, एआरओ एक्सईएन जलनिगम राकेश कुमार एवं रमेशचंद्र सैनी एवं जिला कुष्ठ अधिकारी डा.विनोद कुमार नामांकन दाखिल करने एवं खरीदने वालों का इंतजार करते रहे। लेकिन कोई नामांकन पत्र खरीदने कोई नहीं पहुंचा। पार्षद के वार्ड संख्या एक से पांच तक 12 फार्म बिके हैं।
वार्ड संख्या छह से दस तक के एआरओ सतेंद्र कुमार हितैषी ने बताया कि दूसरे दिन पांच नामांकन फार्म बिके। वार्ड संख्या 11 से 15 के आरओ प्रभंजन शुक्ला ने बताया कि कुल 16 एवं वार्ड संख्या 16 से 20 के आरओ एआईजी स्टांप रमाकांत सिंह ने 12 एवं वार्ड संख्या 21 से 25 में तैनात आरओ पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अनुपम राय के काउंटर से 14 नामांकन फार्म की बिक्री हुई।
वार्ड संख्या 26 से 30 के आरओ ओमकार सिंह के यहां 14 एवं बीएसए चतुर्थ डा. योगेंद्र कुमार के वार्ड संख्या 31 से 35 के सात नामांकन, वार्ड संख्या 36 से 40 तक के आरओ वीरेंद्र सिंह कुशवाह मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के यहां कुल 12 नामांकन फार्म बिके।
एक्सईएन नलकूप हरिद्वारी लाल ने बताया कि वार्ड संख्या 41 से 45 में कुल 21, वार्ड संख्या 46 से 50 के आरओ एक्सईएन पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड राजेश निगम के काउंटर से 18 एवं सहायक निदेशक बचत प्रभात मिश्र के वार्ड संख्या 51 से 55 में कुल 14 नामांकन बिके। वार्ड संख्या 56 से 60 के आरओ एवं जिला मलेरिया अधिकारी सूर्यप्रकाश के यहां 15, वार्ड संख्या 61 से 65 के आरओ डायट प्राचार्य नंदलाल के काउंटर पर 11 एवं जिला अंधता निवारण अधिकारी डा.मुकेश कुमार ने बताया कि वार्ड 66 से 70 में कुल 16 नामांकन पत्र बिके।