फिरोजाबाद। ऑनलाइन रजिस्ट्री के विरोध में सदर तहसील के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को कामकाज ठप रखा। रजिस्ट्री कार्यालय (तहसील) में तालाबंदी के साथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विरोध के चलते गुरुवार को ऑनलाइन बैनामा करने का काम नहीं हो सका। एआईजी स्टांप ने अधिवक्ताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।
शासन ने 26 अक्तूबर से प्रदेश भर में ऑनलाइन रजिस्ट्री (बैनामा) करने के आदेश दिए थे। गुरुवार को सुबह सदर तहसील के अधिवक्ता सदर तहसील में पहुंचे। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चरन सिंह यादव, महासचिव राकेश कुमार वर्मा, राजकुमार वर्मा, नरेंद्र कुमार वर्मा एवं शिवमोहन शर्मा के साथ अन्य अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए जुलूस निकालकर सीधे सब रजिस्ट्री कार्यालय पर पहुंचे। अधिवक्ताओं ने विरोध स्वरूप नारेबाजी करते हुए यहां ताले भी लगा दिए। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में अधिवक्ताओं, डीडराइटर, स्टांप बेंडर के अधिकारों को खत्म किया जा रहा है। इस मनमानी को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
अधिवक्ताओं के विरोध के चलते सदर तहसील में कोई बैनामा नहीं हो सका। अधिवक्ताओं के विरोध को देखकर सब रजिस्ट्रार अश्वनी कुमार जौहरी, पीपी चौरसिया ने पूरी स्थित से ही एआईजी स्टांप को अवगत कराया। सूचना मिलते ही सदर तहसील में एआईजी स्टांप रमाकांत सिंह पहुंच गए और अधिवक्ताओं से बात की, लेकिन कोई हल नहीं निकला।