कोसीकलां (मथुरा)। पुलिस पर हमला कर फरार होने वाले शातिर वाहन लुटेरे साहून के साथी बदमाश लीलू उर्फ फौजी के घर की कुर्की होने जा रही है। पुलिस इस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है। वहीं, साहून और फौजी फरार चल रहे हैं। साहून गैंग और पुलिस के बीच पिछले साल शाहपुर के जंगल में मुठभेड़ हो गई थी। बदमाशों का गैंग पुलिस का घेरा तोड़कर फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस ने बदमाश शाकिर निवासी बिशम्भरा को पकड़ लिया था। उससे पुलिस ने तमंचा और नशीला पाउडर भी बरामद किया था। वहीं, शातिर लीलू उर्फ फौजी निवासी लुकलाडा थाना बाबूगढ़ हापुड़ भाग निकला था। इस मामले में अन्य आरोपी न्यायालय में हाजिर हो गए, लेकिन लीलू अभी तक फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा किया था, लेकिन फिर भी वह हाजिर नहीं हुआ। जांच अधिकारी जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि आरोपी बदमाश के घर की कुर्की की जाएगी।